कोन। विकास खण्ड चोपन के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला बडाप में बुधवार को काफी संख्या में मनरेगा मजदूरों ने एकजुट होकर पिपरहवा बंधी पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि बंधी के निर्माण के दौरान उन्होंने मजदूरी की है। उनकी मजदूरी का पूरा भुगतान नहीं हुआ है। मौके पर पहुचे भाजपा के मंडल इकाई अध्यक्ष सुनील जायसवाल ने मजदूरों समाधान कराने का भरोसा दिया। प्रदर्शन में शामिल मजदूर बालेश्वर, रामवृक्ष, कुलदीप, भोजरी, सुरेश, विमली, शनिचरी,भगवान, सुरेश, रामपाल, बसंती, कलावती, फूलमती, बिहारी, बृजेश आदि का आरोप था कि छह माह से बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। इसके चलते उनके समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है। अन्य प्रवासी श्रमिकों का आरोप था कि लाक डाउन के कारण बाहर से अपने गांव वापस आए और मनरेगा के तहत बंधी निर्माण में मजदूरी की लेकिन एक माह से भुगतान नहीं होने से भुखमरी के करार पर पहुंच गये हैं। श्रमिकों का यह आरोप भी तमाम कार्यों में फर्जी मजदूरों के नाम पर धनराशि का भुगतान कराकर बंदरबांट कर लिया गया जबकि जिन लोगों ने वास्तव में मजदूरी की है उनका भुगतान नहीं हुआ है। श्रमिकों ने झाझी नाला बंधी,महुरांव, भलमनवा चेरवानी, मुसहरवादामर, बेसाहुखाडी समेत आधा दर्जन कार्यों में मजदूरी बकाया होने का आरोप लगाया। उधर, ग्राम प्रधान उदय यादव का कहना था कि ज्यादातर श्रमिकों के मजदूरी का भुगतान करा दिया गया है। अन्य श्रमिकों के पारिश्रमिक के भुगतान के लिए मस्टर रोल भेजवा दिया गया है। जल्द ही भुगतान करा दिया जाएगा।