सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा-मारकुंडी मार्ग पर जिला कारागार के पास घाघर नदी पुल के ध्वस्तीकरण के बाद आवागमन की समस्या गंभीर हो गई है। नदी के समीप बनाया गया वैकल्पिक संपर्क मार्ग तेज बारिश में बह जाने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माणाधीन नए पुल के पास प्रदर्शन कर तत्काल वैकल्पिक मार्ग बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य संपर्क मार्ग बाधित होने से जिला कारागार के कर्मचारियों और मुलाकातियों के साथ मरीजों, बुजुर्गों और आसपास के विद्यालयों में आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही है। लोगों ने कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग से बिना देरी किए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग तैयार कराने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर रविवार से काम शुरू नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में चंदन सिंह, शुभम गुप्ता, आदित्य सिंह उर्फ बल्लू, मुलायम सिंह यादव, अमरजीत यादव, डॉ. भुआल शर्मा, हीरा पनिका, विनोद विश्वकर्मा, सुरेंद्र गुप्ता, रोहित रजक, गुलाब नबी, महफूज खान, बाबूलाल भारती, किशुन भारती, धीरेंद्र यादव, दीपक सोनी, इंद्रदेव कनौजिया, सत्या, सुनील आदि मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के जेई रवि मौर्य ने बताया कि घाघर नदी में तेज पानी के बहाव के कारण वैकल्पिक मार्ग का काम प्रभावित हुआ था। जल्द ही निर्माण सामग्री गिराकर मार्ग का काम शुरू कराया जाएगा।