ग्राम पंचायत करारी में बेलन नदी पर पुल और सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़े जाने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुल और सड़क का निर्माण कार्य पूरा न होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व बीडीसी नीरज तिवारी ने कहा कि पुल और सड़क निर्माण के दौरान अस्थायी मार्ग बनाया गया था लेकिन बारिश के कारण बेलन नदी में पानी आने और मिट्टी बह जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क और पुल निर्माण में ठेकेदार ने मनमानी की है। मार्ग बाधित होने की वजह से खेती करने वाले किसानों के साथ ही क्षेत्र के आधा दर्जन गांव के लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं घमडी, राजन और अभिषेक तिवारी ने कहा कि बाढ़ के कारण एक ग्रामीण बह गया था। घटना की पुनरावृत्ति न हो इसलिए जल्द ही आवागमन बहाली के लिए निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। प्रदर्शन करने वालों में मनीष केशरी, भरत तिवारी, शिवम मौर्या, राजकुमार चौरसिया, सर्वेश पांडेय, दीपक, रामनारायण तिवारी, राजकुमार चौरसिया, शिवम तिवारी, ब्रजेश, शुभम दुबे, आकाश सिंह कुशवाहा, सर्वेश देव पांडेय, भानू दूबे आदि शामिल रहे।