नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने जिले के ग्रामीण और दुरुह क्षेत्रों में सड़क और पानी की उपलब्धता को अपनी प्राथमिकता बताई है। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी की किल्लत है, उन्हें चिह्नित कर पेयजल समस्या दूर कराई जाएगी। जिले के लोगों को अब ज्यादा दिनों तक चुआड़ का पानी नहीं पीना पड़ेगा।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद रविवार को राधिका पटेल ने पति अरुण कुमार पटेल के साथ सबसे पहले शिवद्वार पहुंचकर पूजन किया। उमा माहेश्वर मंदिर में भगवान शिव और देवी पार्वती का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र भ्रमण कर जनता का आभार जताया। राधिका पटेल ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता के सहयोग और समर्थन के बल पर ही जिले के सबसे बड़े सदन में अध्यक्ष की कुर्सी हासिल हुई है। लोगों ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामीण व दुरूह क्षेत्रों में अब भी सड़क की सुविधा नहीं है। शुद्ध पेयजल लोगों को मयस्सर नहीं हो पाता। इन दो विषयों पर प्राथमिकता से काम होगा। गिरते भूगर्भ जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी। चुआड़ का पानी पीने को मजबूर लोगों की विवशता दूर होगी। गांवों में पक्की सड़कें, पेयजल व कस्बों में जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करना हमारी प्राथमिकता में रहेगा। पूर्व की अधूरी परियोजनाओं को भी पूर्ण कराया जाएगा। शासन की योजनाओं को पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाने की कोशिश रहेगी।