सोनभद्र। तीन दिन पूर्व रायपुर थाना क्षेत्र के सरईगढ़ गांव में अपना दल के युवा मंच के जिला उपाध्यक्ष विकास पटेल समेत तीन लोगों पर हुए हमले के मामले में बुधवार को केस दर्ज कर लिया गया है। अभी तक पुलिस के हत्थे एक भी आरोपी नहीं चढ़े हैं। आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक सरईगढ़ गांव निवासी अपना दल के युवा मंच के जिला उपाध्यक्ष विकास पटेल पुत्र छोटेलाल पटेल का कहना है कि 18 मई की शाम को गांव के ही कुछ दबंगों पर लाठी डंडे से उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर बचाव करने के लिए कुछ लोग गए तो उन्हें भी पीट दिया। मारपीट में विकास, संजय पटेल, अशोक पटेल घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल विकास ने पुलिस को नागेंद्र पटेल, प्रद्युम्न, बबलू, शत्रुघ्न, सरोज, जलेश्वर, राजेश्वर, पारसनाथ, छविनाथ, धर्मेंद्र, रविंद्र, रामाजी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी नागेंद्र पटेल ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। रायपुर थाना प्रभारी विश्व ज्योति राय का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।