बेकाबू हाइवा ने ली तीन लोगों की जान: नशे में धुत था चालक, गुस्साए लोगों ने जमकर पीटा; CM ने जताई संवेदना
Sonbhadra News: मौत की खबर मिलते ही लोग उग्र हो गए और हंगामा मचाने लगे। हाइवा को कब्जे में लेने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
विस्तार
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सलखन में गुरुवार की देर शाम बेकाबू हाइवा की चपेट में आने से मासूम भाई-बहन समेत तीन की मौत हो गई। तीनों अपने घर के सामने बैठे थे। हाइवा चालक नशे में धुत था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।
वहीं, घटना से गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें शांत करने में जुटी रही। वहीं, दर्दनाक घटना के बाबत सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
#UPCM @myogiadityanath ने जनपद सोनभद्र में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
विज्ञापन विज्ञापन
मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल…— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 3, 2024
सलखन फासिल्स पार्क के गेट के समीप बिंदू जायसवाल का मकान है। गुरुवार की देर शाम उनका पुत्र अंशू (6) और पुत्री जास्मीन (4) घर के बाहर खेल रहे थे। पास में ही पड़ोसी अंशू उर्फ अन्नू भारती (27) भी मौजूद था। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर तेज गति में जा रहा हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में घुस गया।
हाइवा की चपेट में आने से अंशू, जास्मीन और अन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पहुंचे। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। खबर लिखे जाने तक चोपन एसओ विजय चौरसिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।