सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्हा में सड़क पार कर रहे बहादुर यादव उर्फ अमरनाथ (55) को मंगलवार की दोपहर कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां शाम को मौत हो गई। अस्पताल मेमो की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रायपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा (सरईगढ़) निवासी बहादुर के भतीजी की मंगलवार की रात में शादी थी। घर पर इसकी तैयारियां जारी थीं। वह शादी से जुड़ा कुछ सामान लेने राॅबर्ट्सगंज आया था। दोपहर 12 बजे के करीब वह टेंपो से खलियारी के लिए लौट रहे थे। रास्ते में नई बाजार क्षेत्र के कुसुम्हा गांव के पास राॅबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर टेंपो से उतरकर पेशाब करने चला गया। वापस मुड़कर टेंपो की तरफ आ रहा था, तभी तेज गति से जा रही कार ने टक्कर मार दी। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां शाम पांच बजे के करीब उसकी मौत हो गई। उधर इसकी जानकारी परिवार के लोगों को मिली तो कोहराम मच गया। बेटे दयानंद यादव ने बताया कि घर पर चचेरी बहन की शादी है। इसको देखते हुए प्रयास किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाए। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।