सोनभद्र। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की राशि से कई जनहितकारी कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण, दो एंबुलेंस और फाइलेरिया मरीजों के लिए एमएमडीपी मोबाइल केयर यूनिट उपलब्ध कराने समेत कई प्रस्तावों पर जल्द काम शुरू करने की तैयारी है। डीएम चर्चित गौड़ ने बुधवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में एनसीएल सिंगरौली, एनसीएल बीना, एनसीएल खड़िया, एनटीपीसी शक्तिनगर और एनटीपीसी रिहंद के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कंपनियों को भेजे गए सीएसआर प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की और कहा कि ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिले। बैठक में जनसुनवाई भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, जीरो पावर्टी अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को आयरन किचन किट व आयरनयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और बढ़ौली चौराहे के पास ओपन जिम बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सीएमओ को दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। डीएम ने सभी सीएचसी पर जरूरी आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ फाइलेरिया प्रभावित मरीजों के रुग्णता प्रबंधन और दिव्यांगता की रोकथाम के लिए एमएमडीपी मोबाइल केयर यूनिट की स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, डीएसटीओ संतपाल वर्मा, सीएमओ रमेश मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, एडीआईओ विनय कुमार सिंह समेत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।