जब चंद पैसों की खातिर लोगों की नीयत डोल जा रही है, ऐसे में रजधन के दो सगे भाइयों ने सड़क पर गिरा आभूषण से भरा बैग लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। बैग में करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण थे। सामान पाकर जहां पीड़ित परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं है, वहीं सगे भाइयों के ईमानदारी की हर ओर चर्चा है।
चोपन थाना क्षेत्र के रजधन निवासी जयप्रकाश जायसवाल उर्फ बल्लर और उनके भाई श्रवण कुमार जायसवाल को बुधवार की शाम करगरा मीतापुर मार्ग पर महुआंव खुर्द के पास रास्ते में सोने की नथिया, मंगलसूत्र, मांग टीका, सोने की अंगूठी, चांदी की करधनी, पायल समेत अन्य आभूषण बिखरे मिले थे। सड़क पर गिरे आभूषण को सहेज कर दोनों भाइयों ने इसकी सूचना पूर्व प्रधान महुआंव कला परमेश्वर यादव व कमलेश यादव उर्फ नेता यादव को दी। कुछ देर बाद पीड़ित व्यक्ति अपने आभूषण ढूंढते हुए रजधन पहुंचे। काफी देर तक वह आभूषण की तलाश करते रहे। तब भाइयों ने उनकी परेशानी का कारण पूछा। पीड़ित ने बताया कि हम लोग बनारस के रहने वाले हैं। बघनारी निवासी दिगंबर चौबे के यहां अपने लड़के की बरात लेकर आए हैं। बाइक की डिकी में रखा सोने-चांदी का आभूषण कहीं गिर गया है। तब दोनों भाइयों ने अपने घर बैठाकर चाय पानी पिलाया। सभी सामानों के बारे में पूछताछ की। सही सामान का विवरण व रसीद दिखाने पर पूरी तरह संतुष्ट हो जाने पर सभी आभूषण वापस कर दिए।