सोनभद्र। जिले में लोडिंग प्वाइंट से ओवरलोड रोकने समेत अन्य मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा आंदोलन सोमवार को बेमियादी अनशन में तब्दील हो गया। कलेक्ट्रेट में सोनांचल ट्रक एसोसिएशन के बैनर तले पहले दिन सतीश सिंह, शशि भूषण पांडेय, संतोष सिंह, अमित पांडेय व धर्मेंद्र जायसवाल धरने पर बैठे। चेताया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगा अनशन चलता रहेगा।
एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल मंडलायुक्त से वार्ता करने के लिए मिर्जापुर पहुंचा। हालांकि वार्ता के दौरान समस्या हल नहीं निकल सका। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अंकुर कश्यप ने कहा कि गिट्टी-बालू का परिवहन करने वाले ट्रकों पर आए दिन खनन विभाग चालान और जुर्माना की कार्रवाई कर रहा है। खान निरीक्षक द्वारा वाहनों का लॉक तोड़ दिया जा रहा है, जिससे वाहन मालिकों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। पूर्व में डीएम, एडीएम से शिकायत के बावजूद गाड़ियों के लाक तोड़ने पर लगाम नहीं लग रहा है। सोनू मिश्रा ने कहा कि ओवरलोडिंग के नाम पर उन पर भारी जुर्माना ठोका जा रहा है जबकि क्रशर प्लांट संचालकों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिलाध्यक्ष कमल किशोर सिंह ने कहा कि मंडलायुक्त से वार्ता के दौरान उन्होंने समस्या सुनने के पश्चात बताया कि 28 या 29 सितंबर को सोनभद्र आने के बाद अधिकारियों व मोटर मालिकों की समस्या सुनेंगे। आशीष सिंह, बिंदू पांडेय, मनीष सिंह, सचिन पटेल, विजय सिंह, सुदामा यादव, मक्ख़न अग्रहरी, शशिकांत द्विवेदी, सुरेश कुमार, अमित चतुर्वेदी आदि रहे।