म्योरपुर। स्थानीय ब्लॉक की नधिरा गांव के नगर टोला में करीब दो माह से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर जलने के बाद कई बार बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। दो माह बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर विद्युत निगम के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं होने से घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान राजेश, रवि, कृष्णा, नंदलाल, राजकुमार, रमेश, लक्षणधारी, संतोष, रामलालू आदि ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।