सोनभद्र। जिला संयुक्त अस्पताल के सभागार में कोरोना वायरस से निबटने के लिए डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य कर्मचारियों को मंगलवार को प्रशिक्षण दिया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थानीय इकाई के सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. गणेश नायर ने सभी को कोरोना से बचाव के बारे में जानकारी दी। सभी को मॉस्क, सैनिटाइजर के प्रयोग के प्रति सचेत किया।
मंगलवार को जिला अस्पताल में दिये गए प्रशिक्षण में डॉ. नायर ने सभी को सचेत किया कि जितना संभव हो सके डॉक्टर पूरे एहतियात के साथ ही मरीजों का उपचार करें। डॉक्टर व अन्य स्टाफ मॉस्क अनिवार्य रूप से लगाएं। कुछ भी छूने पर सैनिटाइजर का प्रयोग करें। इमरजेंसी सेवा में मरीजों का उपचार करें और यदि कोरोना का कोई भी संदिग्ध आता है तो उसकी जांच कराकर उसे आइसोलेशन वार्ड में भेजें। उन्होंने मॉस्क लगाने, हाथ धोने, एक दूसरे से दूरी बनाने, साफ-सफाई आदि के बारे में सभी को प्रशिक्षित किया। जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीबी गौतम ने कहा कि डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ ही कर्मचारी भी अस्पताल में आने वाले लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करें। उन्हें बताएं कि अस्पताल में बिना वजह से ज्यादा भीड़ न लगाएं। इससे खतरा उत्पन्न हो सकता है। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. वीके श्रीवास्तव, डॉ. के. कुमार, डॉ. केके सिंह, डॉ. एपी वर्मा, डॉ. गणेश, डॉ. सुरेश वर्मा, डॉ. गीता कुमार समेत सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य मौजूद रहे।