हरतालिका तीज पर सोमवार को बढ़ी भीड़ के कारण रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह करीब 10:35 बजे शुरू हुआ जाम देखते ही देखते जोगियाबीर मंदिर के आगे रेलवे क्रॉसिंग होते हुए हाइडिल मैदान तक पहुंच गया। जाम में दोपहिया से लेकर तीन और चार पहिया वाहन फंस गए। करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।
रेलवे क्रॉसिंग के समीप आड़े-तिरछे खड़े पिकअप वाहनों के कारण स्थिति और बिगड़ गई। बाइक सवारों को भी जाम से निकलने में करीब 45 मिनट का समय लगा। वहीं तीन और चार पहिया वाहनों के साथ स्कूली वाहन एक घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। इससे कामकाजी लोगों के साथ अधिवक्ताओं को भी कचहरी पहुंचने में देरी हुई। बता दें कि रेलवे क्रॉसिंग पर पुराने क्रासिंग को बंद कर नए क्रॉसिंग से वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। ऐसे में हरतालिका तीज के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मालगाड़ी के आने के दौरान क्रॉसिंग बंद कराने में भी कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 15 मिनट तक सायरन बजता रहा, लेकिन भीड़ के कारण क्रॉसिंग खाली नहीं हो सकी। इसके बाद यातायात पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी जवान और आरओबी निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था के करीब आठ से दस कर्मचारियों ने दोनों तरफ की भीड़ को रोककर क्रॉसिंग बंद कराई। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 45 मिनट में दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। हालांकि तीन और चार पहिया वाहनों तथा स्कूली वाहनों को जाम से निकलने में काफी समय लगा। लंबे जाम के कारण लोगों को गर्मी और भीड़ के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि क्राॅसिंग के पश्चिम तरफ आरओबी के नींव की खोदाई हो चुकी है। पूरब तरफ नींव खोदाई का काम चल रहा है। इससे डायवर्जन क्रासिंग से वाहनों को गुजारा जा रहा है।