खौफनाक वारदात: पत्नी को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, पति रात भर शव के पास ही सोया रहा
कनहर सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में स्थित कोरची गांव निवासी रामप्यारे बीबी रात शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी लीलावती देवी ने नशा करने से मना किया तो आगबबूला हो उठा। गुस्से में रामप्यारे ने लाठी-डंडा लेकर लीलावती पर हमला कर दिया।
विस्तार
यूपी के सोनभद्र जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत पति ने लाठी डंडे से पीटकर पत्नी की जान ले ली। पत्नी की मौत के बाद भी आरोपी पति रात भर शव के पास ही सोया रहा। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कनहर सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में स्थित कोरची गांव के बियादामर टोला की भुइयां बस्ती निवासी रामप्यारे शनिवार की रात शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। शराब पीने को लेकर ही पत्नी ललिता (45) से उसकी कहासुनी हुई। गुस्से में आग बबूला रामप्यारे ने पास में पड़ी लाठी उठाकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
घटनास्थल का नजारा देख लोग रह गए सन्न
सिर में गहरी चोट के कारण ललिता की मौत हो गई। पत्नी के नाटक कर सोने की बात समझकर रामप्यारे भी उसके बगल में सो गया। शोर गुल सुनकर कुछ देर बाद जब परिवार के अन्य सदस्य झोपड़ी में पहुंचे तो ललिता को लहूलुहान हाल में मृत देख सन्न रह गए। रामप्यारे उसके बगल में ही सो रहा था।
काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी उसकी नींद नहीं खुली तो लोगों ने उसे शव से दूर किया और घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। अमवार चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। चौकी इंचार्ज चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि नशे में धुत पति ने लाठी से पीटकर पत्नी की जान ली है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। छानबीन की जा रही है।