{"_id":"69a9ea17adfdbf68f80d5bc8","slug":"three-people-including-a-teacher-died-and-nine-were-injured-in-five-road-accidents-in-36-hours-sonbhadra-news-c-194-1-svns1039-142819-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonebhadra News: 36 घंटे में 5 सड़क हादसों में शिक्षक सहित तीन लोगों की गई जान, 9 घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonebhadra News: 36 घंटे में 5 सड़क हादसों में शिक्षक सहित तीन लोगों की गई जान, 9 घायल
विज्ञापन
सडक हादसे में मृतक -कुबेर प्रसाद ( फाइल फोटो) स्रोत परिजन
होली पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती से हादसों में कमी देखने को मिली। लेकिन बीते 36 घंटों में तीन हादसों में शिक्षक सहित तीन लोगों की जान चली गई। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार में रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर दो बाइक में सीधी टक्कर हो गई। इसमें शिक्षक सहित दो लोगों की माैत हो गई। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के लिलासी-नौडीहा मार्ग पर दो बाइक की टक्कर में एक की मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसों में 9 लोग घायल भी हो गए। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अईलकर निवासी शिक्षक कुबेर प्रसाद (58) बाइक से घर से नई बाजार की तरफ जा रहे थे। वहीं अनस राजा (21), नुम्मान (19) और अमन निवासी कम्हारी रॉबर्ट्सगंज बुलेट से नईबाजार की तरफ जा रहे थे। नई बाजार स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने दोनों बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में शिक्षक कुबेर और बुलेट चला रहे अनस राजा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नुम्मान व अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को लोग मेडिकल कॉलेज ले गए। नुम्मान की हालत ज्यादा नाजुक देख डाॅक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। कुबेर उच्च प्राथमिक विद्यालय अईलकर में प्राध्यापक थे। इनके दो बेटे हैं।दूसरी घटना म्योरपुर-दुद्धी के सीमा क्षेत्र की है। बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुड़वा ग्राम पंचायत अंतर्गत मनरुटोला के रहने वाले विनय धरिकार (25) होली पर दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मूरता गांव स्थित ससुराल गए थे। वहां से अपने साले उमाशंकर (23) निवासी मूरता, थाना दुद्धी को लेकर घर के लिए लौट रहे थे। वहीं नौडीहा ग्राम पंचायत के कटौली टोला का रहने वाले देवराज (25) भी बाइक से होली पर लोगों से मिलने के लिए निकले थे। लिलासी-नौडीहा मार्ग पर दोनों की बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने विनय को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उमाशंकर और देवराज को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। म्योरपुर थानाध्यक्ष रामदरस राम ने बताया कि हादसा दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में हुआ था। संबंधित थाने को हादसे की जानकारी दे दी गई है। होली खेलकर लौट रहे थे तीनों युवक : घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मरसड़ा गांव में होली खेलकर लौट रहे युवकों की बाइक पुलिया से टकरा गई। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए घोरावल सीएचसी ले जाया गया। डॉ. मुस्ताक अहमद ने बताया कि विसुंधरी गांव निवासी मुरली (20), मनोज (20), अजय (24) बुधवार की दोपहर बाइक से होली खेलने के लिए मरसड़ा गांव स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। शाम के समय घर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान मरसड़ा गांव के पास उनकी बाइक पुलिया से टकरा गई। एंबुलेंस से तीनों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।अपनी दादी के घर जा रहा था महेश : शक्तिनगर। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित बीना खदान मुख्य द्वार के समीप मुख्य मार्ग पर बुधवार पैदल बांसी अपनी दादी के घर जा रहे बालक को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बीना कालोनी निवासी महेश पनिका (12) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बालक को अस्पताल में भर्ती कराया है इलाज चल रहा है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती है दीपक : घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के केवली मयदेवली गांव में एक निजी विद्यालय के पास बृहस्पतिवार को दोपहर बाद अनियंत्रित होकर गिरने से बाइक सवार दीपक कुमार (16) निवासी ग्राम मझिगवां घायल हो गया। वह बाइक से राजगढ़ से घोरावल कोहरथा मोड़ आ रहा था। इसी दौरान केवली मयदेवली गांव में गिर गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में उसे भर्ती कराया। उसे सिर व हाथ में चोटें आई हैं। घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।सड़क पर पलटा कोयला लदा ट्रेलर, जाम : शक्तिनगर। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित कोहरौलिया शिव मंदिर के समीप मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे के करीब शक्तिनगर की ओर से आ रहा कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रेलर चालक बाल बाल बच गया लेकिन मुख्य मार्ग पर कोयला फैलने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर एवं बिखरा कोयला हटवाने का प्रयास शुरू करा दिया।
विज्ञापन