सोनभद्र में तीन लोगों की मौत: कार-बाइक में हुई टक्कर, विभिन्न हादसों में सात लोग घायल; परिजनों में मचा कोहराम
Sonbhadra News : सोनभद्र में दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही सात लोग घायल भी हो गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजने के साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की रात सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। अनपरा में बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर हुई। इसमें बाइक सवार जीजा-साला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजन हाईवे पर बैठ गए। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन थम गया।
वहीं पन्नूगंज में सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार से टकराकर गिरे बाइक सवार की जान चली गई।
पहली घटना अनपरा-रेणुकूट मार्ग पर करहियां के पास की है। बेलवादह के कुंडावाड़ी निवासी रामनारायण (32) और उसका साला महेश (26) एनसीएल की कोल खदान में मजदूरी करते थे। शनिवार की रात काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। करहियां के पास विपरीत दिशा से आ रही कार से बाइक टकरा गई।
आमने-सामने की टक्कर से बाइक बुरी क्षतिग्रस्त हो गई। कार भी सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बाइक सवार रामनारायण और महेश ने दम तोड़ दिया। कार में सवार महिला अनपरा निवासी मंजू वर्मा (32) पत्नी अभिषेक वर्मा, उनका पुत्र आदित्य (9) समेत पांच लोग घायल हुए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मंजू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों को उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रामनारायण और महेश के परिजन मौके पर पहुंचे। रोते-बिलखते परिजन हाईवे के बीच ही बैठ गए। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन थम गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस रास्ता खाली कराने में जुटी रही।
परिजनों में मचा कोहराम
दूसरी घटना पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पकरहट के पास हुई। कोरियांव गांव निवासी संतोष (26) बाइक से अपने रिश्तेदारी में वैनी जा रहा था। सड़क के किनारे खड़े साइकिल सवार आजमगढ़ निवासी रामरतन व राहुल से टकराते हुए संतोष सड़क पर गिर गया।
सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा लें गये जहां से डाॅक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संतोष का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।