एनसीएल दुद्धीचुआ परियोजना से हो रहे कोयला ढुलाई के कारण शक्तिनगर जयंत मुख्य मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम व प्रदूषण से परेशान आंबेडकर नगर के व्यापारियों ने रविवार को बैठक कर रणनीति तय की। तय हुआ कि सोमवार को कोल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और बात नहीं बनी तो आंदोलन के जरिए कोल परिवहन बाधित किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया कि सोमवार को सुबह 11 बजे शक्तिनगर थाना प्रभारी व एनसीएल दुद्धीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुख्य मार्ग पर पानी के छिड़काव, सड़क किनारे ट्रेलर खड़ा करने की मनाही, सड़क चौड़ीकरण व ट्रेलर की गति नियंत्रित करने आदि संबंधित मांगों पर 72 घंटों में विचार नहीं किया गया तो आंबेडकर नगर के ग्रामीण व व्यापार मंडल एनसीएल दुद्धीचुआ से निकलने वाले कोयला परिवहन को पूर्ण रूप से बाधित करेंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि एनसीएल खड़िया के मूल विस्थापित गांव अंबेडकरनगर वासियों का जीना दूभर हो गया है और एनजीटी के नियमों को ताक पर रखकर एनसीएल प्रबंधन व ट्रांसपोर्टर ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में ग्रामीणों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कई बार पत्रक के माध्यम से अवगत कराने के बाद भी एनसीएल अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। हमारी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो एनसीएल दुद्धिचुआ के कोयला परिवहन को पूर्ण रूप से बाधित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सदस्य सुरेश गुप्ता, भाजपा पिछड़ा प्रकोष्ठ मंडल अध्यक्ष अमर प्रकाश, राम प्रकाश पनिका, दिलीप सिंह, अनिल गुप्ता, रामवृक्ष कुशवाहा, अख्तर, शमशाद, प्रवीण आदि रहे।