सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में बुधवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चोपन और पीएम श्री नवोदय विद्यालय सोनभद्र के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी देना था। भ्रमण के दौरान, विद्यार्थियों ने कॉलेज की विभिन्न प्रयोगशालाओं, तकनीकी सुविधाओं और नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों को करीब से देखा। उन्हें इंजीनियरिंग शिक्षा के विभिन्न आयामों, आधुनिक तकनीक, प्रयोगशाला आधारित सीखने और नए विचारों को उपयोगी प्रोटोटाइप में बदलने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर तकनीकी और नवाचार से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. प्रशांत पांडेय और डॉ. वीपी सिंह ने ‘नवाचार एवं विचार सृजन’ विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने समस्या की पहचान, नए विचारों के सृजन, रचनात्मक सोच, विचारों के परीक्षण और उन्हें नवाचार के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया को समझाया। विद्यार्थियों को आसपास की समस्याओं को अवसर के रूप में देखने और उनके तकनीकी व रचनात्मक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपप्राचार्य यूपी शुक्ला, आलोक कुमार श्रीवास्तव, डॉ. डीके त्रिपाठी, इन्क्यूबेशन प्रभारी डॉ. पीके वर्मा, डॉ. विकास तिवारी, संतोष गुप्ता, संजय, पूनम, डॉ. भावना अरोड़ा, डॉ. सिकंदर और इन्क्यूबेशन मैनेजर आशीष श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, नवाचार, स्टार्टअप और करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रो. केएस वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर प्रयोगात्मक ज्ञान हासिल करने और तकनीकी एवं नवाचार की वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।