सोनभद्र: रैली-नुक्कड़ नाटक से छात्रों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, यातायात नियमों के पालन की दिलाई शपथ
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित रामलीला मैदान में यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ हुआ। राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड और एसपी अभिषेक वर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
विस्तार
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान में सोमवार को यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ हुआ। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड और एसपी अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
नुक्कड़ नाटक से समझाए यातायात के नियम
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। इनके माध्यम से बाइक चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मोबाइल का इस्तेमाल करने से बचें
वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। यातायात संकेतों और सिग्नल का ध्यान रखें। जल्दबाजी में वाहन चलाने से बचें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ख्याल रखें।
शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। साथ ही आह्वान किया गया कि वे खुद नियमों का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें। जागरूकता टीम की अगुवाई करने वाले शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अंत में राज्य मंत्री ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि यातायात जागरूकता माह के दौरान जिले के प्रमुख चौराहों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए।
इस मौके पर सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा, सीओ ट्रैफिक सुधीर कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।