जिले की बेटी साक्षी गर्ग ने एक बार फिर सोनभद्र का मान बढ़ाया है। राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर व नारकोटिक्स अकादमी के 71वें बैच के दीक्षांत समारोह में उन्हें सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु अधिकारी चुना गया है। इसके लिए उन्हें श्रीमती कौशल्या नारायणन मेमोरियल स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। साक्षी की इस उपलब्धि पर पूरा जिला गौरवान्वित है। उनके परिवार के लोग खुशी से झूम उठे हैं।
नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी व व्यापारी नेता रतनलाल गर्ग की पौत्री व कृष्ण कुमार गर्ग की पुत्री साक्षी गर्ग यूपीएससी-2017 की परीक्षा में चयनित हुई थीं। उन्हें 350वीं रैंक हासिल हुई थीं। आईआरएस में चुनी गई साक्षी प्रशिक्षु अधिकारी के तौर पर राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर व नारकोटिक्स अकादमी फरीदाबाद में प्रशिक्षण ले रही थीं। शुक्रवार को 71वें बैच के दीक्षांत समारोह में उन्हें सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु अधिकारी चुने जाने पर श्रीमती कौशल्या नारायणन मेमोरियल स्वर्ण पदक से नवाजा गया। साक्षी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, वरिष्ठजनों और अकादमी के प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। कहा कि प्रशिक्षण का समय काफी अच्छा रहा। वह इस अनुभव को अपने कामकाज में शामिल कर जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी। उधर, दादा रतनलाल गर्ग, पिता कृष्ण कुमार, मां रेणु गर्ग सहित अन्य परिजनों ने भी बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए बधाई दी।