सोनभद्र में तेज रफ्तार का कहर: बाइक सवार ने सगे भाइयों को मारी टक्कर, एक की मौत; टहलने निकले थे दोनों
सोनभद्र जिले में अनियंत्रित बाइक सवार ने सगे भाइयों को टक्कर मार दी। इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से एक की मौत हो गई। हादसा बभनी-बीजपुर मार्ग पर असनहर पुलिया के पास हुआ।
विस्तार
सोनभद्र में बभनी-बीजपुर मार्ग पर असनहर पुलिया के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने टहलने निकले दो सगे भाइयों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से एक भाई की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
असनहर गांव निवासी दिनकर प्रसाद (32) और उनके छोटे भाई दिवाकर (30) पुत्र सूरज लाल बुधवार शाम करीब छह बजे घर से टहलने निकले थे। दोनों असनहर पुलिया के पास पहुंचे थे, तभी चपकी की ओर से बभनी जा रहा तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर दोनों भाइयों को पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर लगने से दिनकर सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दिवाकर सड़क किनारे जा गिरे और उन्हें मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। गंभीर रूप से घायल दिनकर को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनकर की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक बेटी और दो बेटे हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता सूरज लाल ने बृहस्पतिवार सुबह घटना की सूचना बभनी पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।