घोरावल। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में विगत दिन किशोरी के साथ तीन युवकों ने छेड़खानी की और शोर मचाने पर उसे छत से नीचे फेंकने दिया था। आरोपी तीन युवकों में से एक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया चिंगोरी निवासी अभिषेक को पुलिस ने जेल भेज दिया। वहीं बाकी दो अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।
बता दें कि किशोरी से छेड़खानी के आरोप में पीड़िता के भाई की तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। भाई ने तहरीर में बताया है कि बीते 20 नवंबर को दिन में उसकी बहन अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रही थी। तभी रास्ते में घोरावल नगर स्थित सरकारी कॉलोनी के पास घात लगाकर बैठे तीन लोगों ने किशोरी का मुंह बंद कर कॉलोनी के अंदर स्थित एक कमरे में ले गए, जहां उसके साथ अश्लील हरकत व छेड़खानी करने लगे। विरोध और शोर करने पर तीनों युवकों ने छत से किशोरी को नीचे फेंक दिया। किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस संबंध में पीड़िता के भाई की तहरीर पर घोरावल निवासी अख्तर अली, चिंगोरी गांव निवासी अभिषेक कुमार व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घोरावल एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी चिंगोरी निवासी अभिषेक को बृहस्पतिवार को खुटहा बाईपास के पास से घोरावल चौकी प्रभारी प्रमोद यादव ने हमराहियों वेद प्रकाश एवं अन्य के सहयोग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कहा कि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।