सोनभद्र: दुद्धी में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दो महिलाओं समेत तीन घायल
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में कनहर नदी के पास रविवार दोपहर ओवरटेक के दौरान बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक चला रहे धर्मेंद्र कुमार (25) की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कनहर नदी के समीप जाबर गांव स्थित पुरानी बैरियर के पास रविवार दोपहर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय बाइक पर चार लोग सवार थे। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया गया।
घायल दीपक कुमार अगरिया ने बताया कि वह अपनी बाइक से गांव में घूम रहा था। इसी दौरान उसे गांव का ही धर्मेंद्र कुमार मिल गया। दोनों गुटखा लेने दुकान पर गए थे। लौटते समय रास्ते में उन्हें मंजली और अंजली नाम की दो बहनें मिलीं। दोनों ने दुद्धी में इलाज कराने जाने की बात कहते हुए बाइक से लिफ्ट मांगी और पेट्रोल का खर्च देने की बात कही। इसके बाद दोनों युवक उन्हें बाइक पर बैठाकर दुद्धी की ओर चल दिए।
बताया जा रहा है कि कनहर नदी के पास जाबर गांव की पुरानी बैरियर के समीप ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे धर्मेंद्र कुमार (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दीपक कुमार, अंजली और मंजली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने सभी घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने जांच के बाद धर्मेंद्र कुमार पुत्र विजय, निवासी बरखोहरा, थाना विंढमगंज को मृत घोषित कर दिया। घायलों दीपक कुमार पुत्र नागेश्वर प्रसाद अगरिया, अंजली पत्नी अशोक और मंजली कुमारी का उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक श्यामजी यादव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। केंद्र अधीक्षक ने युवक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मेमो के माध्यम से कोतवाली पुलिस को भेज दी गई है।