सोनभद्र। राष्ट्रीय आजीविका मिशन सोनभद्र की ओर से मंगलवार को नगर स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेेक्षागृह में सौर ऊर्जा संचालित उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें जिले के सभी ब्लॉकों से आए 400 से अधिक समूह सदस्यों ने आजीविका संचालित सोलर प्रोडक्ट का अवलोकन किया।
यह प्रदर्शनी प्रेरणा ओजस के तहत संयुक्त रूप से अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में विकेन्द्रित सौर ऊर्जा संचालित उपकरणों के प्रसार के लिए सीईईडब्लू व विलग्रो संस्था के सहयोग से लगाई गई। इसमें 400 से अधिक समूह की महिलाओं ने प्रदर्शनी में सोलर से संचालित कम लागत वाले उपकरण सोलर ड्रायर, सोलर मिल्क चीलर, सोलर फोडर स्टेशन, फ़ूड प्रोसेसिंग, सोलर लूम, सोलर डीप फ्रीजर, सोलर सिलाई मशीन, सोलर कोल्ड स्टोरेज की प्रदर्शनी व उपकरणों को देखा। प्रदर्शनी का शुभारंभ सीडीओ सौरभ गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत प्रेरणा ओजस के एमडी शैलेंद्र द्विवेदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वाधान में समूह सदस्यों की तरफ से प्रेरणा ओजस संस्था का गठन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य समूह सदस्यों में उदद्यामिता को विकसित करना, उद्दमिता से जोड़ना व स्थापित उद्द्यमों को विकेन्द्रित सौर ऊर्जा संचालित उपकरणों के माध्यम से लाभान्वित करना है। इस मेले के माध्यम से जिन महिलाओं ने इन सोलर प्रोडक्ट लेने की इच्छा जाहिर की उनको 30 प्रतिशत की छूट की दर पर उपलब्ध कराए जाएंगें। सीडीओ ने कहा कि जो महिलाएं उद्यम कर रही है, इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रोडक्ट से जुड़ें। इस मौके पर प्रेरणा ओजस से अनुराग, उमेश आदि उपस्थित रहे।