घोरावल। उपजिलाधिकारी जैनेंद्र सिंह की बेटी स्मिता सिंह ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) में सफल होकर माता पिता व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अब वे देश के चुनिंदा नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में कानून की पढ़ाई करेंगी। वर्तमान समय में घोरावल तहसील में कार्यरत एसडीएम जैनेंद्र सिंह की होनहार बिटिया स्मिता सिंह ने क्लैट में ऑल इंडिया लेवल पर 498 वीं रैंक हासिल किया है, जबकि ओबीसी वर्ग में उन्हें 47 वीं रैंक मिली है।
देश के प्रतिष्ठित लॉ यूनिवर्सिटीज में कानून की पढ़ाई करने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट आयोजित होता हैै। यह परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी देश के चुनिंदा 21 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेकर कानून की पढ़ाई करते हैं। स्मिता सिंह की इस सफलता पर उनके घर परिवार व इलाके में हर्ष व्याप्त है। स्मिता सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता व गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि वह प्रतिष्ठित संस्थान से कानून की शिक्षा ग्रहण कर आगे चल कर विधि क्षेत्र में कार्य करके देश सेवा करना चाहती है। स्मिता सिंह का कहना है कि ईमानदारी के साथ परिश्रम करने वाले को निश्चित ही सफलता प्राप्त होती है। उनकी इस सफलता पर तहसीलदार विकास पांडेय, राजेंद्र अग्रवाल, तहसील अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष जय सिंह, पूर्व अध्यक्ष रामअनुज धर द्विवेदी, प्रयाग दास, हरिप्रकाश वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।