लापरवाही की हद: ज्ञान की रोशनी पर स्कूलों की बत्ती गुल, 57 लाख दिए पर नहीं मिला बिजली कनेक्शन
सोनभद्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के छह स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे यहां बिजली न होने से परेशान होते हैं। भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है बावजूद इसके उन्हें सरकारी स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं मिल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्कूल ज्ञान की रोशनी फैलो है, पर यहां बत्ती गुल है। शिक्षा विभाग ने एक साल पहले बिजली निगम को 57 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इस धनराशि से अनपरा नगर के चार और कुलडोमरी ग्राम पंचायत के छह स्कूलों में बिजली कनेक्शन होना था। तब से एक साल बीत गए, लेकिन बिजली निगम अब तक कनेक्शन नहीं दे पाया है।
अनपरा नगर में तो स्कूलों के बगल में ही बिजली के पोल भी हैं, बावजूद कनेक्शन देने में देरी हो रही है। बिजली के बिना इन स्कूलों में बच्चे गर्मी से बेहाल हैं। स्मार्ट क्लास भी बस शोपीस बने हुए हैं।
अनपरा नगर के कंपोजिट विद्यालय कुबरी ने 1.92 लाख, उच्च प्राथमिक विद्यालय गरबंधा ने 5.50 लाख, प्राथमिक विद्यालय मुड़ीसेमर और प्राथमिक विद्यालय ममुआर ने 1.84 लाख रुपये बिजली निगम के खाते में एक वर्ष पूर्व ही भेज दिए थे।
इसी तरह नगर से सटे कुलडोमरी ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय डुड़ियानार ने 5 लाख, प्राथमिक विद्यालय मोहलाइनसोत ने 21 लाख, प्राथमिक विद्यालय डयनिया ने 5 लाख और प्राथमिक विद्यालय बरोहियां ने 14.77 लाख रुपये बिजली निगम को दे दिए। एक वर्ष बीत गए, लेकिन बिजली निगम अभी तक विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं करा पाया।
अनपरा नगर के विद्यालयों से बिजली के खंभों की दूरी भी ज्यादा नहीं है। इसके बावजूद वहां कनेक्शन में एक वर्ष का समय लग गया। नए सत्र की शुरुआत हो चुकी है। गर्मी भी बढ़ने लगी है।
कक्षा में शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही पसीने से तरबतर हो रहे हैं। विद्यालयों में पानी के लिए भी समस्या हो रही है। बच्चे हैंडपंप का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। बिजली न होने से कंपोजिट विद्यालय कुबरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय गरबंधा, प्राथमिक विद्यालय ममुआर और मुड़ीसेमर में स्मार्ट क्लास का संचालन बंद है।
कुलडोमरी के प्राथमिक विद्यालय डुड़ियानार, प्रावि. मोहलाइनसोत, प्राथमिक विद्यालय डयनिया और प्राथमिक विद्यालय बरोहियां में भी बिजली न होने से स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई नहीं हो रही है।
दो सौ से अधिक विद्यालयों में नहीं हुआ है विद्युतीकरण
सोनभद्र। जिले में कुल 2061 परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें दो सौ से अधिक विद्यालयों में विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। लोकसभा चुनाव से पहले विद्यालयों में विद्युतीकरण की प्रक्रिया तेज हुई थी। शासन ने 278 विद्यालयों में विद्युतीकरण के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की धनराशि दी थी। इससे पिपरी डिवीजन में 194 और रॉबर्ट्सगंज डिवीजन के 84 परिषदीय विद्यालयों में विद्युतीकरण कराया जाना था। कुछ विद्यालयों में काम पूरा हो पाया।
इनकी भी सुनें
कनेक्शन से वंचित जिले के सभी 199 परिषदीय विद्यालयों की एक साथ निविदा हो गई है। विद्यालयों तक खंभे के माध्यम से बिजली पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही सभी विद्यालयों में कनेक्शन पूर्ण कर लिया जाएगा। - दिलीप कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड पिपरी