सोनभद्र। नगरपालिका क्षेत्र के पास हाईवे से बिच्छी गांव के लिए जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। इन गड्ढों में जलजमाव के साथ ही कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इससे खफा ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
कहा कि इस सड़क का आधा हिस्सा पीडब्ल्यूडी महकमे ने 1999 में बनाया था उसके बाद से अब तक सुध नहीं ली गई। वहीं आधा भाग ग्राम पंचायत की एरिया में है, जिस पर निर्माण की काेरमपूर्ति कर ग्रामीणों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। जितेंद्र शर्मा, प्रेम नाथ वर्मा, खड़पत्तू गुप्ता, राजनाथ यादव, पप्पू बियार, जित्तू गोंड आदि ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की खस्ताहाली को लेकर कई बार आवाज उठाई गई लेकिन न तो पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से सड़क की खस्ताहाली पर ध्यान दिया गया न ही इंटरलाकिंग वाले हिस्से की खराब स्थिति पर ग्राम पंचायत से जुड़े जिम्मेदारों द्वारा संजीदगी बरती जा रही है। ग्रामीणों के कई बार आवाज उठाने के बाद दो वर्ष पूर्व इंटरलाकिंग के हिस्से को दुरूस्त किया गया था लेकिन महज एक वर्ष बाद ही उसकी स्थिति खराब हो गई। वर्तमान में पूरी सड़क कहीं जलजमाव तो कहीं कीचड़ से पटी पड़ी है। ग्रामीणों का कहना था कि जल्द संजीदगी नहीं दिखाई गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।