बभनी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आगमन 29 नवंबर को सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज कारीडांड चपकी में प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सोमवार को अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल अभयनाथ त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने आश्रम के सह संगठन मंत्री आनंद उपाध्याय से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद एडीएम व एएसपी ने सभास्थल, हेलीपैड, भोजनालय, रुट चार्ट, पार्किंग स्थल व सेफ हाउस का निरीक्षण किया। एडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता निर्माण खंड उदय नारायण व जेई सुखदेव प्रसाद को आवश्यक निर्देश भी दिये। गौरतलब है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 29 नवंबर को सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज कारीडांड चपकी में इंटरमीडिएट कालेज व छात्रावास के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके साथ ही वे शिक्षक आवास, भोजनालय, हास्टल और गेस्ट हाउस का शिलान्यास भी करेंगे। एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक बभनी अविनाश चंद्र सिन्हा को सुरक्षा ब्यवस्था तथा वाहन पार्किंग के लिए निर्देश दिया। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके लिए प्रत्येक विभाग के अधिकारी, कर्मचारी कमर कस के तैयार हैं। इस मौके पर एसडीएम मुख्यालय जैनेंद्र सिंह, एसडीएम दुद्धी सुशील कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी दुद्धी संजय कुमार वर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. वरुणानिधि, केंद्र प्रमुख कृष्ण गोपाल, जिला प्रचारक ओम प्रकाश मौजूद रहे।