सोनभद्र। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर बृहस्पतिवार को डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का समाधान समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सिंचाई विभाग के एक्सईएन अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता दर्शन, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। डीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर शिकायतकर्ताओं से संवाद करें और फीडबैक लें। इसके अलावा कार्रवाई से संबंधित जीपीएस युक्त फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल पर लॉगइन कर शिकायतों की समीक्षा करें और समय से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अंतिम तिथि के दिन एक साथ शिकायतों का निस्तारण करने की प्रवृत्ति पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीपीआरओ नमिता शरण आदि उपस्थित रहे।