दुद्धी। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी जामा मस्जिद ने शनिवार को देर शाम विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन दुद्धी कोतवाल मनोज कुमार सिंह को सौंपा।
नगर में विरोध प्रदर्शन कर जुलूस निकाला। इसमें सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोगों ने एकजुट होकर आतंकवाद का विरोध किया। मख्तब जब्बरिया से जुलूस म्योरपुर मोड़, तहसील मोड़, श्रीसंकट मोचन मंदिर मेन चौक, अमवार तिराहा होकर फिर तहसील मोड़ पर पहुंचा। यहां आतंकवाद का पुतला जलाया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान अपनी बाहों पर काली पट्टी बांध रखी थी। सदर रहीम बख्स ख़ां ने कहा कि आतंकियों ने निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाया था। मारे गए लोगों में कई राज्यों के पर्यटक और दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। लोगों ने प्रधानमंत्री से इसका मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की। रमीज आलम प्रदेश उपाध्यक्ष पसमांदा, सेराज ख़ां, इब्राहिम ख़ां ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। यह हमला मानवता और शांति पर हमला है। मुस्लिम समाज आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस अवसर पर फतेह मुहम्मद ख़ां, आशिफ ख़ां, गप्पू ख़ां, राफे ख़ां, जवी ख़ां उर्फ बाबू डान आदि लोग मौजूद रहे।