अनपरा। नार्दर्न कोलफिल्डस बीना कोयला खदान परियोजना के भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवार के सदस्यों को रोजगार दिये जाने के लिए दस दिन से धरनारत विस्थापितों ने बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक कार्यालय बीना से मशाल जुलूस निकाला। एनसीएल बीना के अधिकारी (कार्मिक) व बीजीआर-डेको संघ के प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। विस्थापित नेता अंकुश दुबे ने कहा कि विस्थापितों को रोजगार मिलने तक धरना जारी रहेगा। बीना परियोजना प्रबंधन को हर प्रभावित परिवार को रोजगार देना चाहिए। इसके लिए जो भी लड़ाई लड़ना पड़े हर विस्थापित तैयार है। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद़्देनजर बीना चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह मौजूद रहे। मशाल जुलूस निकालने वालों में मुख्य रूप से पंकज मिश्रा, दया सागर दुबे, पूर्व प्रधान चंदुआर लालबाबू वर्मा, अरविंद दुबे, कृपासागर दुबे, लक्ष्मी कांत, ओमप्रकाश, सपा नेता शिवानंद यादव, गैवीनाथ, नागेंद्र यादव आदि शामिल रहे।