मिशन शक्ति फेज-3 और चतुर्थ पोषण माह के तहत सभी ब्लॉकों में बृहस्पतिवार को पोषण पंचायत कार्यशाला व गोष्ठी हुई। राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता सिंह म्योरपुर और दुद्धी ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं से लाभान्वित होकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस दौरान उन्होंने 10 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और इतने ही बच्चों का अन्नप्राशन कराया। गोष्ठी में आईसीडीएस, स्वास्थ्य, पंचायती राज, स्वत: रोजगार, बेसिक शिक्षा, उद्यान एवं ग्राम्य विकास विभाग की तरफ से स्टाल व प्रदर्शनी लगाई गई। पोषाहार से विभिन्न प्रकार के व्यंजन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बनाए थे। कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के अभिभावकों एवं जनसमुदाय को पोषण के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध फल, सब्जियों का उपयोग कर कुपोषण से बचा जा सकता है। आईसीडीएस विभाग से लाभार्थियों को मिलने वाले खाद्यान्न से भी विभिन्न की व्यंजन/रेसिपी तैयार कर उपयोग में लाए जा सकते हैं। अंत में विभागीय एवं पोषण संबंधी कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रजनी देवी, देवांती, विद्यावती, सुनीता, मानकुंवर देवी, अरुणा, संध्या, पूनम, रानी, रेखा देवी, सुनैना देवी और सुधा देवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषण वाटिका की स्थापना की जा रही है। दुद्धी में नौ पोषण वाटिका लगाई गई है। पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के कार्यक्रम प्रबंधक इश्तियाक अहमद ने गर्भवती धात्री महिलाओं, किशोरियों व छोटे बच्चों के आहार, पोषण संतुलन विभिन्न प्रकार खाद्य पदार्थों से मिलने वाले पोषक तत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं अन्य ब्लॉकों में डीएम स्तर से नामित किए गए जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में पोषण कार्यक्रम मनाया गया।