सोनभद्र। जिले में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव (जन्माष्टमी) को लेकर मंदिरों और बाजारों में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। चार सितंबर को मनाने वाले जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है। वहीं बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा, पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रॉबर्ट्सगंज रामलीला मैदान स्थित बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। मंदिर पदाधिकारियों के अनुसार जन्माष्टमी पर ठाकुरजी को विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद महाआरती और अभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
महिला और पुरुष श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, पलंग और अन्य सजावटी सामग्री खरीद रहे हैं। मोरपंख की कीमत गुणवत्ता और आकार के अनुसार करीब 10 से 100 रुपये तक है। श्रद्धालु मोरपंख से बने पंखे और अन्य सजावटी सामान भी खरीद रहे हैं।