योगी-2 सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार अनपरा पहुंचने पर विधायक संजीव गोंड का स्वागत हुआ। इस दौरान भाजपाइयों ने उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं से भी अवगत कराया। ज्ञापन सौंपकर बिजली, पानी और जमीन की समस्या के समाधान की मांग की।
ऊर्जांचल जन कल्याण समिति ने अनपरा ग्राम समूह पेयजल योजना और औड़ी शक्तिनगर मार्ग के चौड़ीकरण में हुई अनियमितताओं के बारे में बताया। पत्र सौंपते हुए कहा कि ग्राम समूह पेयजल योजना का कार्य अनपरा के औड़ी क्षेत्र में दो माह से रुका है। वहीं शक्तिनगर-औड़ी की निर्माणाधीन सड़क भी अधूरी छोड़ दी गई है। ऊर्जांचल जन कल्याण संघ के महामंत्री केसी जैन ने संयुक्त चिकित्सालय में संसाधनों की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि चार दशक पूर्व क्षेत्र में एक संयुक्त चिकित्सालय बनाया गया था जहां अब तक संसाधनों की कमी पूरी नहीं हो सकी है। चिकित्सा के नाम पर यहां बस अस्पताल की बड़ी बिल्डिंग ही लोगों को मिली है। उन्होंने चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सकों की लापरवाही भी उनके समक्ष रखी। राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड ने उन्हें समाधान का भरोसा दिया। कहा कि सर्वप्रथम पानी की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक सिंह ने की। इस दौरान प्रभाशंकर सिंह, अनिल प्रधान, गोपाल गुप्ता, प्रभा श्रीवास्तव, दिलिप गुप्ता, राजेश गुप्ता, राजेंद्र तिवारी, रणधीर सिंह, अरविंद सिंह, अरुण सिंह, सुदामा पाठक, सुमन सिंह, मनोरमा सिंह, प्रीतम, राकेश बैसवार, नरेश यादव भोला कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।