सोनभद्र। जिले में संचालित परिषदीय विद्यालयोंं में बृहस्पतिवार से तिमाही परीक्षा की शुरूआत हुई। पंजीकृत कुल 2.23 लाख छात्र-छात्राओं ने पहले दिन हिंदी, गणित और विज्ञान की परीक्षा दी। बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित 2061 विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2024-25 में कुल 223996 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सत्रीय (तिमाही) परीक्षा 18 सितंबर से शुरू होनी थी। मगर, अवकाश के चलते 19 सितंबर से परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा 24 सितंबर तक होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कक्षा एक में 10604 छात्र और 10691 छात्राएं पंजीकृत हैं। कक्षा दो में 12449 छात्र, 12702 छात्रा, कक्षा तीन में 16487 छात्र, 16549 छात्रा, कक्षा चार में 15966 छात्र और 16148 छात्राओं का नामांकन हुआ है। कक्षा पांच में 15768 छात्र और 15803 छात्रा, कक्षा छह में 12448 छात्र व 13585 छात्रा, कक्षा सात में 27917 और कक्षा आठ में 26879 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पहले दिन कक्षा एक में सभी विषयों की मौखिक परीक्षा हुई। कक्षा दो और तीन में सभी विषयों की मौखिक और गणित विषय की लिखित परीक्षा हुई। कक्षा चार और पांच में सभी विषयों की मौखिक व हिंदी, संस्कृत और उर्दू विषय की लिखित परीक्षा हुई। कक्षा छह में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के साथ ही हिंदी, संस्कृत और उर्दू की परीक्षा हुई। जबकि सात व आठ में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के साथ ही विज्ञान, संस्कृत और उर्दू की परीक्षा हुई।