परिवहन विभाग के कार्यालय में शनिवार को नशा मुक्त हेलमेट व बाइक में सेंसर किट का प्रदर्शन किया गया। हेलमेट तैयार करने वाले मधुपुर निवासी इंद्रेश मौर्य ने हेलमेट का परीक्षण कर दिखाया। अफसरों ने इसकी सराहना करते हुए इस बारे में शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया।
झपरी मधुपुर निवासी इंद्रेश मौर्य ने ऐसा हेलमेट बनाया है, जिसके पहनने के बाद अगर चालक नशे में होगा तो बाइक स्टार्ट ही नहीं होगी। जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेले में इंद्रेश के इस मॉडल को दूसरा स्थान मिला था। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जिले में आगमन पर इसकी जानकारी दी गई थी, जिस पर उन्होंने इसकी जानकारी कराने को कहा था। शनिवार को एआरटीओ धनवीर यादव व आरआई आलोक यादव की देखरेख में नशा मुक्त हेलमेट का परीक्षण किया गया। अफसरों ने इसकी सराहना की। एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि छोटी उम्र में जो कारनामा यातायात की सुरक्षा की दृष्टि बालक ने किया है, वह नायाब है। इस बारे में विभाग को पत्र भेजकर अवगत कराया जाएगा।