विधानसभा चुनाव के लिए एक नवंबर से शुरू हो रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत एडीएम राकेश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग बैठक की। अभियान में उनसे सहयोग मांगते हुए अधिक से अधिक नए वोटरों का नाम सूची में शामिल कराने का आह्वान किया।
एडीएम ने कहा कि एक नवंबर से प्रारंभिक सूची का प्रकाशन होगा। इसके आधार पर दावे और आपत्तियां 30 नवंबर तक ली जाएंगी। इस दौरान 7, 13, 21 व 28 नवंबर को बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाला कोई भी व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकता है। उन्हें फार्म-6 भी भरना होगा और आयु के प्रमाण-पत्र के लिए हाईस्कूल का प्रमाणपत्र भी देना होगा। जो युवक व युवती हाईस्कूल पास नहीं हैं वो कक्षा पांच व आठ की टीसी लगा सकते हैं। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। एडीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रत्येक बूथ पर एक बीएलओ की नियुक्ति के लिए निर्वाचन कार्यालय में सूची उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में एसडीएम ओबरा जैनेंद्र सिंह, दुद्धी रमेश कुमार, सुशील यादव, सदर डॉ. कृपाशंकर पांडेय, भाजपा के अशोक कनौजिया, भाकपा के रामसुंदर निषाद, भाकपा माले के नोहर भारती, सपा के अनिल यादव, सीपीआई के नंदलाल आर्य, कांग्रेस के जितेंद्र कुमार पासवान आदि मौजूद रहे।