ओबरा। रेणुकापार के परसोई में आयोजित आदिवासी सम्मेलन में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि आदिवासी उत्थान के लिए विकास परियोजनाओं में वन विभाग का अड़ंगा दूर कराया जाएगा। विधानसभा चुनाव के बाद हुए पहले आदिवासी सम्मेलन में जुटी भारी भीड़ को विश्वास दिलाया कि वनाधिकार कानून के तहत पात्रों को पट्टा दिलाएंगे।
परसोई में इंटरमीडिएट कॉलेज की स्वीकृति मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व के दूसरी बार सूबे में भाजपा की सरकार में सोनभद्र के आदिवासियों की समस्याओं का व्यापक समाधान हो जाएगा। कहा कि यह एक दशक के संघर्ष का नतीजा है कि ओबरा और दुद्धी विधानसभा सीट को अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित किया गया। उन्होंने कन्हरा में विजुल नदी पर पुल निर्माण, रेणुका नदी पर पुल निर्माण में तेजी, खेवधा-परसोई मार्ग के निर्माण में आ रही बाधा को दूर करने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार ने राज्य मंत्री को आदिवासी समाज का उगता हुआ सूरज बताया। समारोह में सपा, बसपा, कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए। अध्यक्षता वयोवृद्ध आदिवासी नेता दशरथ खरवार और संचालन लवकुश भारती ने किया। इस मौके पर जमुना यादव, शिवनारायण खरवार, बद्री सिंह गोंड, म्योरपुर के ब्लाक प्रमुख मान सिंह गोंड, संयोजक राम प्यारे सिंह खरवार, उदित नारायण खरवार, विजय यादव, शंभू सिंह गोंड, प्रभुनाथ गोंड, अरविंद खरवार, मंगरु गुप्ता, राजेश खरवार, कन्हैयालाल प्रजापति, संतोष सिंह, जगदीश खरवार, सूबेदार गोंड आदि मौजूद रहे।