Sonbhadra News: दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, फायरिंग का आरोप; दो लोग घायल, पुलिस तक पहुंचा मामला
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष से फायरिंग का भी आरोप है। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज नगर के इमरती कॉलोनी के पास वाराणसी-शक्ति नगर मार्ग के किनारे दो गुटों में मारपीट हो गई। हमले के दौरान एक पक्ष से फायरिंग का भी आरोप है। इसमें एक युवक घायल हुआ है। दूसरे पक्ष से भी एक युवक जख्मी हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे आपसी प्रतिद्वंदिता को कारण बताया जा रहा है।
ये है पूरा मामला
इमरती कॉलोनी के पास एक जिला पंचायत सदस्य के कार्यालय पर कुछ लोग मौजूद होकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 5-6 युवक पहुंचे। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष से फायरिंग भी की गई। इसमें वेदांत पांडेय घायल हो गया।
मारपीट से दूसरे पक्ष से प्रमोद सिंह को चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर एएसपी कालू सिंह, सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी, कोतवाल सत्येंद्र राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायल वेदांत के मुताबिक रंगदारी वसूलने के मकसद से बभनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजन सिंह के इशारे पर उन्हें जान से मारने की योजना थी। इसी मकसद से हमलावर इमरती कॉलोनी के पास जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा के कार्यालय पर उपस्थित थे।
जानकारी मिलने पर वह लोग मौके पर पूछताछ के लोए गए थे, जहां उन पर हमला किया गया। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि दो पक्षो में मारपीट और फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। दोनों पक्ष से एक-एक युवक घायल हुए हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। फायरिंग की बात अभी स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज़ कर कार्रवाई की जाएगी।