बभनी। छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे बीहड़ में पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस, सीआरपी व पीएसी के जवानों ने ड्रोन कैमरे के निगरानी में सघन कांबिंग की। इस दौरान ग्रामीणों से नक्सलियों की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली गई। कांबिंग में दुद्धी सर्किल के पांच थानों की पुलिस फोर्स शामिल रही। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे बीहड़ों में रम्पाकुरर, डूमरहर, मगरमांड, बिछियारी, टेकुआरी, नवाटोला तथा भलपहरी में सीआरपीएफ, पीएसी तथा पांच थानों विंढमगंज, दुद्धी, म्योरपुर, बीजपुर और बभनी की पुलिस फोर्स के साथ कांबिंग की। इस दौरान एसपी ने पुलिस फोर्स और पीएसी तथा सीआरपीएफ के जवानों को कई अहम जानकारियां देते हुए दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से नक्सलियों के गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। ग्रामीणों से कहा कि उन्हें अगर किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत परेशानी हो, कोई व्यक्ति परेशान कर रहा है तो इसकी सूचना अवश्य दें। कहा कि अगर कोई भी अपरिचित व्यक्ति गांव में आता है तो उसे अपने घरों में शरण न दें बल्कि इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। किसी के बहकावे में न आयें अगर कोई किसी भी चीज का प्रलोभन देता है तो उसकी भी सूचना दें। सात किलोमीटर की पैदल कांबिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन डा राजीव कुमार सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक चौधरी, क्षेत्राधिकारी दुद्धी संजय कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी ओबरा भाष्कर वर्मा, प्रभारी निरीक्षक दुद्धी पंकज कुमार सिंह, विंढमगंज प्रदीप कुमार सिंह, म्योरपुर अजय कुमार सिंह, बीजपुर श्याम बहादुर यादव, बभनी प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा तथा रघुनाथ नगर थाना प्रभारी चांदप्रदीप लकड़ा शामिल रहे।