बलिया में पेपर लीक मामले में जिला प्रशासन की ओर से पत्रकारों पर केस दर्ज कराकर जेल भेजने के विरोध में पत्रकारों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। बीजपुर प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाला और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दुद्धी को सौंपा।
एनटीपीसी स्वागत गेट से श्रीराम चौक तक पैदल मार्च के दौरान बलिया जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पत्रकार हाथों में तरह-तरह के स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे। वक्ताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने के कारण हो रही किरकिरी से अपनी गर्दन बचाने के लिए बलिया के डीएम और एसपी ने वहां के पत्रकारों पर मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेज दिया। यह निरंकुशता है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने गिरफ्तार पत्रकारों की बिना शर्त रिहाई की मांग की। जुलूस व प्रदर्शन में अध्यक्ष विनोद गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनोज कुमार, रामजियावन गुप्ता, रघुराज सिंह, रामप्रवेश गुप्ता, रवींद्र पांडेय, अरविंद दुबे, रवींद्र श्रीवास्तव, अनिल त्रिपाठी, चंद्रसेन पांडेय, राजू, विजेंद्र सिंह, अशफाक कुरैशी, विजय सोनी, अजीत पांडेय, प्रिंस सिन्हा, अनिल द्विवेदी, पवन शुक्लेश, अखिलेश देव पांडेय, राजेश सिंह, चंदन श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।