उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन जिला इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी से मिला। जिले में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र बनने से स्थानीय युवाओं व श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। ग्रामीण पलायन रुकेगा और गांवों में समृद्धि आएगी। जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह और विधि सलाहकार यशपाल सिंह ने कहा कि जिले में कोयला, पत्थर, बॉक्साइट, चूना पत्थर जैसे खनिज मौजूद हैं, जिनसे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। सोनभद्र को पावर और इंडस्ट्री हब के रूप में पहचान मिलेगी। नगर संयोजक अमित अग्रवाल और नगर मंत्री अभिषेक साहू ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से सड़कों, बिजली, जलापूर्ति व परिवहन जैसी सुविधाओं में सुधार होगा और आसपास के गांव भी विकसित होंगे। राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और राजवंश सिंह ने कहा कि नए उद्योगों के साथ प्रशिक्षण केंद्र भी खुलेंगे, जिससे स्थानीय युवा आधुनिक तकनीक व प्रबंधन कौशल सीख सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। निजी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस बारे में शासन को अवगत कराया जाएगा।