ओबरा। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की बदहाली समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर क्रशर कारोबारियों ने बुधवार को आवाज बुलंद की। डाला बिल्ली क्रशर ऑनर्स एसोसिएशन के कार्यालय पर बैठक में कारोबारियों ने ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप को पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने कारोबारियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि खनन क्षेत्र में लगातार बिजली बाधित होने के कारण क्रशर इकाइयों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। मशीनें बार-बार बंद होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। कारोबारियों ने मांग की कि जब तक विद्युत आपूर्ति नियमित नहीं होती, तब तक क्रशर इकाइयों से वसूले जाने वाले न्यूनतम विद्युत शुल्क और सरचार्ज में राहत दी जाए। वहीं प्रदूषण विभाग की ओर से होने वाली जांच को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कारोबारियों का आरोप था कि बार-बार होने वाली जांच से उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान खनन क्षेत्र में क्रशर इकाइयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। कारोबारियों ने ई-टेंडरिंग के माध्यम से खदान आवंटित होने के बाद काम शुरू करने के करीब एक माह बाद खान सुरक्षा निदेशालय की ओर से रोक लगाने के मामले को भी उठाया। इससे खनन गतिविधियां प्रभावित होती हैं और शासन को मिलने वाले राजस्व पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इस दौरान सचिव अभिषेक सिंह, शिवजी अग्रहरि, सुधीर सिंह, निखिल गर्ग, चंद्रभूषण गुप्ता, सुभाष अग्रहरि, विनोद केशरी आदि रहे।