Sonbhadra News: 12 साल के बालक को मगरमच्छ ने मुंह में जकड़ा, कड़ी मशक्कत के बाद चरवाहों ने बचाया
सोनभद्र जिले में बंधी में मवेशियों को निकालने के लिए उतरे 12 साल के बालक को मगरमच्छ ने मुंह में जकड़ लिया। उसकी चीख पुकार पर पहुंचे चरवाहों ने बालक को किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम पंचायत के नौगढ़वा बस्ती में शनिवार की सुबह भलुआ बंधी में मौजूद मगरमच्छ ने 12 वर्षीय किशोर को मुंह में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका बायां पैर और हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका इलाज चल रहा है। पैर में 12 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
यह है पूरा मामला
पेढ़ ग्राम पंचायत निवासी रमेश (12) पुत्र अजीत शनिवार सुबह ग्राम पंचायत के ही नौगढ़वा बस्ती में भलुआ बंधी के पास मवेशी चरा रहा था। आसपास अन्य चरवाहे भी मवेशी चरा रहे थे। रमेश के कुछ मवेशी पानी पीने के लिए भलुआ बंधी में उतर गए। थोड़ी देर बाद रमेश मवेशियों को पानी में से बाहर निकालने के लिए बंधी में उतर गया।
इसी दौरान पीछे से आए एक मगरमच्छ ने उसके बाएं पैर को बुरी तरह अपने मुंह में जकड़ लिया और पानी में खींचने लगा। रमेश के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के चरवाहे बंधी में उतरे और मगरमच्छ के चंगुल से उसे छुड़ाने लगे।
उपचार कर रहे डॉक्टर देवेश पांडेय ने बताया की मगरमच्छ के हमले में बालक का बायां पैर और एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। उसे 12 से अधिक टांके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बालक को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.