सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय उद्योग बंधुओं के साथ बैठक की। निर्देश दिया कि जिले में उद्योग बंधुओं से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाय। व्यापारियों, उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक रुख अपनाया जाय और उद्यमियों के लंबित प्रकरणों का निस्तारण सकारात्मक सोच के साथ किया जाय। हिदायत दी कि वे नियमानुसार कार्रवाई कर उद्यमियों की मदद करें, ताकि अधिक से अधिक रोजगार सृजित हों और उद्यमी भी सुकून के साथ अपने उद्योग को संचालित करते रहें। उन्होंने पिछली बैठक की पुष्टि निवेश मित्र, सिंगल विंडो, श्रम विभाग से संबंधित प्रकरण, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन से संबंधी प्रकरण, प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित प्रकरण, अग्नि शमन सुरक्षा, विद्युत भार, रजिस्ट्रेशन भार एवं माप, विद्युत सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं दवा प्रशासन, उद्योग आधार मेमोरेंडम, प्रधान मंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्य मंत्री युवा रोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की समीक्षा की। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राधेश्याम, खान अधिकारी मोहम्मद महबूब, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र लोकेंद्र कुमार, जिले में स्थापित औद्योगिक इकाईयों के पदाधिकारी गण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।