सोनभद्र में भाजपा जिला मंत्री समेत चार के खिलाफ मुकदमा, बालू लदे टिपर को छुड़ाने का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के चोपन थाना पुलिस ने वनकर्मी के कब्जे से बालू लदे टिपर को छुड़ाने के आरोप में भाजपा के जिला मंत्री समेत चार के खिलाफ धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। नेताओं पर सुरक्षित वन क्षेत्र में बालू के अवैध खनन व परिवहन पर रोक लगाने के लिए पहुंची वन विभाग की टीम से अभद्रता करने जान से मारने की धमकी देने व परिवहन करने वाले वाहन को छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप है। वहीं नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को पूरे दिन केस दर्ज करने को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।
वादी वन जीवरक्षक कैलाश आर्य ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार जून की सुबह करीब साढ़े चार बजे संरक्षित वन क्षेत्र के कनछ बीट में मुड़कट्टा के पास से अवैध बालू लदे टिपर को पकड़ कर उनकी टीम रेंज कार्यालय ले जा रही थी। लेकिन रास्ते में दीपक दुबे, बृजेश पांडेय, पप्पू चेरो सभी निवासी ग्राम पटवध, थाना चोपन, शंभूनाराण सिंह निवासी राबर्ट्सगंज कार से आए और टीम को घेरकर अभद्रता करने लगे।
मना करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए टिपर को छुड़ाने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टिपर छोड़कर चले गए। वन रक्षक ने थाने जाकर तहरीर दी। इसकी भनक लगते ही सत्ता पक्ष के कई नेता थाने पहुंच कर पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने के लिए दबाव देने लगे। घंटों पंचायत के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक वन जीवन रक्षक की तहरीर पर भाजपा के जिला मंत्री शंभू नारायण सिंह, डाला भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक दुबे सहित चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, सत्ता पक्ष के नेताओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है । इस संबंध में सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि विवेचना की जा रही है ।