कलेक्ट्रेट परिसर में तीन सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर भारतीय किसान संघ ने बुधवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। चुनावी संकल्प पत्र के आधार पर किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग रखी।
जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में सरकार बन जाने के बाद किसानों को निजी नलकूप की बिजली निशुल्क देने के वायदा किया गया है। इसी आधार पर किसानों ने भाजपा को वोट देकर योगी सरकार बनवाने में अपना अमूल्य योगदान भी दिया है। सरकार गठन के महीनों बाद भी इस दिशा में किसी भी प्रकार की संजीदगी नहीं दिख रही। जिलाध्यक्ष ने रोष जताते हुए कहा कि सरकार के रुख से किसान सशंकित हैं। अगर शीघ्र इस दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अघोषित विद्युत कटौती बंद करते हुए रोस्टरिंग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराये जाने की पुरजोर मांग की। इस मौके पर रामजी सिंह मौर्य, चंद्र प्रकाश सिंह, प्रभु लाल मौर्या, ज्योति जंग सिंह, सदानंद मौर्या, दयाराम मौर्य, अनमोल सिंह, रणजीत मौर्या, जय प्रकाश सिंह, राजेश सिंह, पवन कुमार, हीरालाल, छत्रसाली सिंह आदि मौजूद रहे।