बढ़ती गर्मी के कारण बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत के बाड़ी गांव स्थित कोल बस्ती में पानी की समस्या गहराती जा रही है। ग्राम पंचायत की ओर से कोई पहल न किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। गोविंद भारद्वाज के नेतृत्व में महिलाओं ने हाथ में खाली बर्तन लेकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में हो रहे जल दोहन से जलस्तर नीचे खिसक गया है। लल्ली, बुधनी ने बताया कि हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है जिससे बस्ती वासियों के समक्ष पानी की विकट समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्राम पंचायत की ओर से अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि अगर हमारी समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ेगा। इस दौरान दिनेश, बालकिशन, बब्बू, लाल बहादुर, रामकली, बसंती, राजकुमारी, पुष्पा, गुलाब कली, रूपा, फूलमती, पंकज, श्याम, प्रदीप, विमला, ललिता, ऊषा आदि मौजूद रहे।