Sonbhadra News: एमबीए छात्र की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग, वाहनों के शीशे तोड़े, लगाया जाम
आंबेडकर नगर निवासी एमबीए का छात्र रोहित (24) बुधवार की देर रात सब्जी लेकर घर लौटते वक्त ट्रेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार को युवक की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई।
विस्तार
हादसे में घायल एमबीए के छात्र की शुक्रवार मौत के बाद रोजाना जाम व प्रदूषण से व्यथित इलाके के लोगों का धैर्य जवाब दे गया। क्षेत्र के लोग सड़क पर उतर गए। इसके चलते यूपी को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाली अंतरराज्यीय संपर्क मार्ग पर घंटों आवाजाही ठप रही। मौके पर पहुंचे अफसरों को भी भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
आंबेडकर नगर निवासी एमबीए का छात्र रोहित (24) बुधवार की देर रात सब्जी लेकर घर लौटते वक्त ट्रेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार को युवक की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। कोयला लादकर सड़कों पर अंधाधुंध दौड़ रहे मालवाहक वाहनों को बंद कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार एनसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को दुर्घटना की आशंका जताते हुए ठोस कदम उठाने की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घंटों तक इंटर स्टेट कनेक्टिंग रोड को जाम करते हुए सड़क किनारे खड़े कई माल वाहक वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कई ट्रेलरों के पहियों का हवा निकाल दी। ग्रामीण महिलाएं भी सड़कों पर उतरीं और एनसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाने लगीं।
आक्रोशितों ने सड़क जाम रख कोयला ढुलाई बंद कराने, सड़कों की मरम्मत कराने और मुआवजा देने की मांग को रखा। लोगों की भीड़ को शांत कराने शक्तिनगर व अनपरा दोनों थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिस विभाग की सूचना के बाद सीओ पिपरी प्रदीप सिंह चंदेल भी मौके पर मौजूद रहे।
दुद्धीचुआ जीएम पर महिलाओं ने फेंका कीचड़
अंबेडकर नगर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत से आक्रोशित लोगों का शांत कराने और लोगों से बात करने जब एनसीएल दुद्धीचुआ जीएम मौके पर पहुंचे तो मौके पर मौजूद महिलाओं ने उनके उपर कीचड़ फेंक दिया। इसके बाद जीएम को उल्टे पांव लौटना पड़ गया। उन्होंने सीएमडी से बातचीत कर इस मामले का हल निकालने के प्रयास किया। अनपरा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि लोगों ने जीएम के ऊपर कीचड़ फेंक दिया, जिससे उन्हें वापस लौटना पड़ा।
कोरोना काल में हुई थी पिता की मौत
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रोहित के पिता शिवकला की मृत्यु कोरोना से हो गई थी। परिवार अभी पिता की मौत के सदमे से उबरा नहीं था कि अब परिजनों ने एक पुत्र भी खो दिया। रोहित भोपाल से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। इस वजह से बाहर रहता था। परिजनों से मिलने और कुछ समय उनके साथ बीताने के लिए वह अपने घर आया था। आते ही वह शाम को सब्जी लेने के लिए निकला और पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।