UP: गांव में बिजली खूब कटती है हुजूर, फिर भी बिल बहुत आता है, ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत; जांच के आदेश
UP News: सोनभद्र जिले के प्रशासन अफसर मारकुंडी ग्राम पंचायत के लोगों से मुलाकात कर यहां की समस्याएं जानीं। डीएम खुद लोगों के घर जाकर सरकारी योजनाओं और कार्यों के बारे में जाना। अफसरों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित भी किया।
विस्तार
Sonbhadra News: जन शिकायतों की सुनवाई के लिए शुक्रवार को जिले का प्रशासनिक अमला रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के मारकुंडी ग्राम पंचायत पहुंचा। पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को सरकार की योजनाएं बताई और उसका लाभ पाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी खुलकर पीड़ा बताई।
मनमानी बिजली कटौती और कम आपूर्ति का दुखड़ा सुनाया। पेंशन, आवास, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए डीएम ने संबंधित विभागों को गांव में कैंप लगाने के निर्देश दिए।
चौपाल में गांव के अवधेश गुप्ता, सोमारु, रामाश्रय आदि ग्रामीणों ने कहा कि बिजली बिल मनमाने ढंग से आ रहा है, जबकि उतनी बिजली भी नहीं मिलती। कई लोगों ने आयुष्मान कार्ड अब तक न बनने की बात रखी। इसके अलावा गांव में रात्रि प्रकाश के लिए लाइट लगाने की मांग की गई।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने मौजूद अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कानून-व्यवस्था, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, बिजली बिल राहत और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक हर हाल में पहुंचे।
सुनी गई ग्रामीणों की समस्या
वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग की योजनाओं तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गांवों में कैंप लगाए जाएंगे, जिसकी जानकारी समय से पहले ग्रामीणों को दी जाएगी। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की। जन चौपाल के दौरान गांव के पात्र लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई।
एसपी अभिषेक वर्मा ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने, अज्ञात व्यक्तियों व संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस मौके पर सीडीओ जागृति अवस्थी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम रोहित यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।